यमुनानगर में हड़ताली कर्मियों का मेयर को जवाब:बोले- सभी घरों में दिवाली मना रहे और हम रोजगार बचाने सड़क पर उतरे

हरियाणा के यमुनानगर में सफाई कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड कर्मियों की हड़ताल जारी है। इस बीच कर्मचारियों ने नगर निगम के मेयर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आप घर में दिवाली मना रहे हो और हम सड़कों पर उतरे हैं। मेयर ने कर्मियों पर दिवाली पर्व पर लोगों को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया था।

हड़ताली कर्मचारी रविवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे और नारेबाजी की। ​​​​​​इस दौरान सीटू की जिला सचिव शरबती देवी, आंगनबाड़ी वर्कर जिला प्रधान रेखा सैनी, जिला सचिव सुनीता करहेड़ा, रिटायर्ड संघ जिला सचिव जोत सिंह, बिजली यूनियन से राज्य नेता सतीश जांगड़ा सफाई कर्मियों के आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे।

सफाई कर्मी यूनियन के शाखा प्रधान जनकराज, सह सचिव रमेश कुमार ने बताया कि सरकार की हठधर्मिता के विरोध में 24 अक्टूबर को बड़ी दिवाली पर नगर पालिका और फायर ब्रिगेड का तमाम हड़ताली कर्मचारी सड़कों पर उतर कर उल्टे झाड़ू काले झंडे और बैनर सहित शहर में जुलूस निकालेंगे। वे जनता को बताएंगे कि सरकार ने मांगों पर उनके साथ विश्वासघात किया है। मजबूरन उनको आज काली दिवाली मनानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के महापौर ने नगरपालिका कर्मचारी संघ पर आरोप लगाया है कि कर्मचारी अपनी हड़ताल के कारण त्योहारों के समय जनता को परेशान कर रहे हैं। वे महापौर से पूछना चाहते हैं कि क्या हम जनता में नहीं आते। आज सभी अपने घरों में दिवाली का त्योहार मना रहे हैं और हम ऐसे समय सड़कों पर उतर कर अपने रोजगार को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार 4 साल से उनकी मांगों को अनसुना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *