हरियाणा के अंबाला कैंट की युवती को शादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने SP को शिकायत सौंप न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता के आरोप हैं कि उसका पति नामर्द है, लेकिन ससुराल वालों ने दहेज हड़पने के नाम पर उसकी शादी कराई। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत 4 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
नवंबर 2021 में हुई थी शादी
अंबाला कैंट निवासी युवती ने बताया कि उसके माता-पिता बैंक में नौकरी करते हैं। 8 नवंबर 2021 को उसकी DDA कॉलोनी (नई दिल्ली) निवासी मयंक के साथ शादी हुई थी। मयंक ने शादी डॉट कॉम पर उसके माता-पिता को अप्रोच किया था। उस वक्त बताया था कि मयंक IIT खड़कपुर से क्वालिफाइड इंजीनियर है, जोकि USA की एक कंपनी में डेढ़ करोड़ सालाना पैकेज पर नौकरी करता है।
शादी में खर्च किए थे 92 लाख रुपए
पीड़िता ने बताया कि शादी के वक्त ससुराल वालों ने कोई दहेज की मांग नहीं की, लेकिन उन्होंने फिर भी सोने-चांदी व दहेज के अन्य सामान समेत शादी पर 92 लाख रुपए खर्च किए। बताया कि जब वह ससुराल गई तो उसकी सास राजेश कुमारी, ससुर विनोद कुमार शर्मा, ननंद अनुभा शर्मा और पति मयंक शर्मा ने मुझे कम दहेज व दहेज में बड़ी गाड़ी न लाने के लिए ताने मारने शुरू कर दिए। बात यही नहीं रुकी और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। ससुराल वाले बोलते थे कि तुमने तो बिरादरी में हमारी नाक कटवा दी।
पति ने नहीं बनाए शारीरिक संबंध
पीड़िता ने कहा कि उसकी सास ने उसे हनीमून पर कहीं भी घूमने नहीं दिया। यही नहीं, उसके पति के पास USA भी नहीं जाने दिया। पीड़िता ने बताया कि उसे शादी के 2-4 दिन बाद ही समझ में आ गई थी कि उसका पति शादी के काबिल नहीं है। आरोप लगाया कि उसके ससुराल वालों ने दहेज के लालच से मयंक की शादी कराई है।
वह शादी के बाद उसके पति के साथ 19 नवंबर तक रही, लेकिन इस दौरान एक बार भी उसके पति ने उसके साथ कोई शारीरिक संबंध नहीं बनाए। उसका पति शादी के बाद फेरा डालने भी अंबाला नहीं आया। काफी कहने के बाद मयंक 16 नवंबर 2021 को अंबाला पहुंचा।
मां ने पूछा तो घबरा गया था पति
वहां उसने अपनी मां को मयंक व उसके परिवार के मेरे साथ व्यवहार व मयंक का शादी के काबिल न होने की बात बताई। जब उसके माता-पिता ने मयंक से पूछा तो वह घबरा गया। पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता ने दहेज के लिए ही उसकी शादी कराई है। 19 नवंबर 2021 को उसका पति USA चला गया। उसके बाद वह अपने घर अंबाला कैंट आ गई। बताया कि ससुराल वालों ने उसका दहेज का सारा सामान हड़प लिया।
ससुराल वाले जान से मारने की दे रहे धमकी
जब उसके परिजनों ने इसका विरोध किया तो ससुराल वालों ने उसके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। ससुराल वाले जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। महिला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 498-A,406 व 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।