किशोरी को दिया नौकरी दिलाने का झांसा, नशीला पदार्थ दे किया दुष्‍कर्म

यमुनानगर। गांधीनगर थाना क्षेत्र की कालोनी निवासी 15 वर्षीय किशोरी के साथ रिंकी नाम के युवक ने दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपित उसे काम दिलाने के बहाने लेकर गया था। उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया।

 

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, किशोरी के पिता की मौत हो चुकी है। इस समय वह मां के साथ रहती है। परिवार चलाने के लिए वह काम की तलाश में थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात रिंकी के साथ हुई। आरोपित उससे बात करने लगा। 20 अप्रैल को आरोपित युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाया। यहां पर आरोपित ने उसे कहा कि उसने एक जगह काम के बारे में बात की है। वहां पर जाना होगा। वह उसके साथ चली गई। आरोपित उसे निजी अस्पताल के पास एक मकान में लेकर गया। वहां उसे पीने के लिए फ्रूटी दी। जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। इसका फायदा उठाकर आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर आरोपित के खिलाफ शिकायत करने की धमकी दी, तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा।

इधर, किशोरी व दो युवतियां लापता, गुमशुदगी दर्ज

शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र की कालोनी से 17 वर्षीय किशोरी लापता हो गई। परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लगा। पुलिस ने गुशमदुगी दर्ज की। उधर, सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र की कालोनी से 19 वर्षीय युवती लापता हो गई। उसका भी काेई सुराग नहीं लगा। वहीं सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र के गांव से 19 वर्षीय किशोरी को मुकमिल नाम का युवक बहला फुसलाकर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र की राणा कालोनी में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरों ने जेवरात चोरी कर लिए। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के सरसावा निवासी रिंकी यहां राणा कालोनी में रहते हैं। वह परिवार के साथ बाहर गए थे। जब वह वापस लौटे, तो ताला टूटा हुआ था। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से सोने व चांदी के जेवरात गायब थे। पुलिस ने मौका मुआयना कर केस दर्ज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *