यमुनानगर में सरस्वतीनगर निवासी 65 वर्षीय रामस्वरूप की शनिवार शाम अचानक तबीयत खराब हो गई। पत्नी उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। जहां देर रात डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आधी रात को महिला ने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को घर बुला लिया। महिला ने अपनी पुत्रवधू के भाइयों पर हत्या का शक जताते हुए पति के शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही। जिस पर थाना छप्पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा स्वजनों को सौंप दिया।
रामस्वरूप की पत्नी कमाली देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति व बेटा दोनों शराब पीने के आदी हैं। शराब के नशे में पति रामस्वरूप की उसकी पुत्रवधू से कहासुनी हो जाती थी। शनिवार को भी रामस्वरूप से नशे की हालत में पुत्रवधू को कुछ बोल दिया। जिस पर पुत्रवधू ने फोन कर अपने भाइयों को घर पर बुला लिया। कमाली देवी ने बताया कि जब पुत्रवधू के भाई घर पर आए तो वह कुछ सामान लाने के लिए घर चली गई। कुछ देर के बाद वह वापस लौटी तो देखा कि रामस्वरूप जमीन पर बेसुध पड़ा था, उसकी सांस भी नहीं चल रही थी। वह उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर गई। जहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि पुत्रवधू के भाईयों ने ही उसके पति की हत्या की है।