मध्य प्रदेश: क्राइम ब्रांच का नकली अफसर करता था असली क्राइम, हूटर लगी हुई गाड़ी के साथ गिरफ्तार

इस नकली क्राइम ब्रांच अधिकारी के असली क्राइम के बारे में जानकर आप दंग रह जाएंगे। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में क्राइम ब्रांच का यह नकली अधिकारी अपनी मनमानी किया करता था। एक हैरानी की बात यह भी है कि फर्जी अफसर बनकर कानून से खेलने वाला यह शख्स वन विभाग में कर्मचारी के पद पर तैनात है।

जब पुलिस ने नवीन सोलंकी नाम के एक शख्स को लसुड़िया थाना इलाके में पकड़ा तो एक बार तो वो भी चौंक गई। नवीन की स्कॉर्पियो गाड़ी पर पुलिस का हूटर लगा था और क्राइम ब्रांच का स्टिकर भी लगा था। उसके व्हाट्सऐप पर क्राइम ब्रांच में कर्मियों के नाम से सबूत भी मिले हैं।

 

एसीपी राकेश गुप्ता ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को उसके मुखबिरों से जानकारी मिली थी कि क्राइम ब्रांच का एक कर्मी खुलेआम लोगों को डराता और धमकाता है। जिसके बाद पुलिस ने इस कर्मी को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई। जांच-पड़ताल के दौरान खुलासा हुआ कि यह शख्स वन विभाग में कर्मचारी है और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताता है।

जिसके बाद पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। नवीन के खिलाफ धारा 401 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाईयों में जुटी हुई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *