यमुनानगर: दिनदहाड़े चली गोलियां

यमुनानगर शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र माडल कालोनी स्थित लक्ष्मी सिनेमा के पास नकाबपोश बदमाशों ने ज्वैलर विनोद कुमार को गोली मार दी। उनके सिर में गोली मारी गई।

गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भिजवाया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाशों की बाइक स्टार्ट नहीं हो सकी। जिस पर वह पैदल ही करीब 200 मीटर भागे। इसी दौरान माडल कालोनी निवासी जसविंद्र को पिस्टल दिखाकर उसकी बाइक लूट ली और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
लक्ष्मी सिनेमा के पास निरंकारी ज्वैलर्स के नाम से न्यू हमीदा कालोनी निवासी विनोद कुमार की दुकान है।

दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह दुकान पर था। इसी दौरान उसकी दुकान पर कैंप निवासी गगनदीप पहुंचा, तो अंदर तीन नकाबपोश बदमाश थे। जैसे ही गगनदीप दुकान के अंदर आने लगा, तो नकाबपोश बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर बाहर कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने अलमारी खोली हुई थी और बैग में जेवरात भर रहे थे। थोड़ी ही देर बाद तीनों बदमाश बाहर निकले।

गगनदीप ने बताया कि तीनों बदमाश बाइक स्टार्ट करने लगे। वह स्टार्ट नहीं हुई या फिर शायद उनकी चाबी दुकान में रह गई थी। इसी दौरान अंदर से विनोद शोर मचाते हुए आया और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश करने लगा। जिस पर एक बदमाश ने उसे सिर पर गोली मारी। गोली लगते ही विनोद गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश पैदल ही भागे। आगे जाकर उन्होंने जसविंद्र को पिस्टल दिखाकर बाइक लूटी और उस पर फरार हो गए।

वारदात का पता लगते ही एसपी कमलदीप गोयल, सीआइए वन व टू और शहर यमुनानगर थाना पुलिस की टीमें पहुंची। घायल विनोद को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दुकान में भी सीसीटीवी लगा है। उसको भी खंगाला जाएगा। आरोपितों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *