पांच दिन बाद नहर से मिला बच्चे का शव, मां के साथ नहर में गिर गया था प्रभजोत

0
3

 इंद्री : क्षेत्र से गुजर रही पश्चिमी यमुना नहर में लोगों ने एक बच्चे का शव बहते देखा तो पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर जगाधरी (यमुनानगर) व इंद्री पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोर प्रगट सिंह की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों ने शव को नहर से बाहर निकाला। इस दौरान बच्चे के स्वजन भी पहुंच गए। यमुनानगर पुलिस शव को अपने साथ ले र्गई। मामला जगाधरी से संबंधित होने के कारण आगामी कार्रवाई यमुनानगर पुलिस करेगी।

जगाधरी एरिया में मां-बच्चा नहर में गिर गए थे

जानकारी अनुसार चार पांच दिन पहले यमुनानगर के जगाधरी एरिया में मां-बच्चा नहर में गिर गए थे। उस समय महिला को बचा लिया गया था, लेकिन बच्चा पानी में डूब गया था। अब नहर में करीब 60 किलोमीटर दूर बच्चे का शव पानी में बहकर आया। लोगों ने नहर में शव देख पुलिस को सूचना दी।

चार-पांच दिन से बच्चे प्रभजोत को नहर में तलाश रहे थे
स्वजन जसबीर सिंह ने बताया कि चार-पांच दिन से बच्चे प्रभजोत को नहर में तलाश रहे थे। घर में कोई बात भी नहीं हुई थी बल्कि उस दिन इससे बड़े बच्चे का परीक्षा परिणाम भी स्कूल से लेकर आए थे। उसके बाद हमने अच्छी तरह खाना भी खाया था। नहर में गिरी पत्नी को उस दिन लोगों ने बचा लिया था।

बच्चे का शव पश्चिमी यमुना नहर इंद्री से बरामद किया गया

मामले में जगाधरी के पुलिस अधिकारी लखविद्र सिंह ने बताया कि 30 तारीख को हमें सूचना मिली थी कि एक महिला व बच्चा नहर में गिर गए हैं। जिसके बाद हम मौके पर गए थे। पुलिस अधिकारी के अनुसार मां व बच्चा पुल के पास से जा रहे थे तो पैर फिसलने से बच्चा नहर में गिर गया था, उसे बचाने के लिए मां भी नहर में कूद गई थी और मौके पर मां को बचा लिया गया था। उस समय मौके के गवाहों ने मामले के बारे में पुलिस को बताया था। अब बच्चे का शव पश्चिमी यमुना नहर इंद्री से बरामद किया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रहे हैं।

 

इंद्री पुलिस अधिकारी जगदीश कुमार का कहना है कि करीब पांच वर्षीय बच्चे का शव पश्चिमी यमुनानगर में बरामद हुआ है। यमुनानगर पुलिस शव को ले गई है। मामला यमुनानगर पुलिस से संबंधित है। वहां की पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।

————-

बच्चे को लेकर महिला द्वारा नहर में कूदने की भी चर्चा

उधर इस मामले को लेकर चर्चा है कि महिला बच्चे को लेकर नहर में कूद गई थी, लेकिन महिला को वहां आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचा लिया था, लेकिन बच्चा नहीं मिला था। उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। वहीं पुलिस महिला के नहर में कूदने की पुष्टि नहीं कर रही है।