यमुनानगर। गांव बाल छप्पर निवासी 45 वर्षीय सतनाम सिंह हत्याकांड में अपराध शाखा-2 की टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस केस में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में अपराध शाखा-2 लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात की साजिश में एक और व्यक्ति शामिल था। पुलिस टीम ने थाना छप्पर क्षेत्र के गांव लबाना निवासी आर्यन को गिरफ्तार किया है।

अपराध शाखा-2 के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी आर्यन ने वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर को चोरी की बाइक उपलब्ध करवाई थी। जांच में पता चला कि आरोपी आर्यन की दोस्ती हत्या में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी इंद्रपाल और शूटर से थी। दोनों ने आर्यन से बाइक का इंतजाम करने के लिए कहा था।
पुलिस के अनुसार आर्यन ने जिले के एक गांव से बाइक चोरी की और शूटर को सौंप दी। इसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते हुए शूटर ने गांव बाल छप्पर में सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।




