यमुनानगर। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने करीब ढाई लाख रुपये कीमत की 71 ग्राम हीरोइन (स्मैक) के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के तहत जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि रायपुर कॉलोनी निवासी साहिबा पत्नी आसिफ अपने घर के सामने बैठकर नशा बेचने का काम करती है।
सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई जसबीर सिंह, कुलदीप, महिला पुलिसकर्मी मधु और महिला उप निरीक्षक मुकेश कुमारी की टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ कन्हैया कौशल को भी मौके पर बुलाया गया। तलाशी लेने पर महिला के कब्जे से 71 ग्राम हीरोइन बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला काफी समय से नशा तस्करी के काम में सक्रिय थी। पुलिस इससे पहले महिला के देवर को भी नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है, जिसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




