यमुनानगर। अपराध शाखा-2 की टीम ने गांव बाल छप्पर निवासी 45 वर्षीय सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के एसएसएस नगर के झुझारनगर निवासी अशोक कुमार और सारन निवासी इंद्रपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने वाले शूटर की मदद की थी। मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया।

अपराध शाखा-2 के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी प्रवीण कौर उर्फ बीना ने शिकायत में बताया कि यह हत्या परिवार में लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश का नतीजा है। उन्होंने बताया कि उनके जेठ प्रीतपाल का बेटा दलजीत सिंह उर्फ बाबू, जो फिलहाल अमेरिका में रह रहा है, परिवार से पुरानी दुश्मनी रखता है।

मामले में यह भी सामने आया कि मई 2020 में इसी रंजिश के चलते बाबू ने प्रवीण कौर के बेटे विरेन्द्र को अपने साथ मिलाकर गांव के तत्कालीन सरपंच के पति रिछपाल सिंह की हत्या करवाई थी। उस घटना के बाद से विरेन्द्र फरार बताया जा रहा है। इसके चलते दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी लगातार बनी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अशोक और इंद्रपाल ने शूटर को आर्थिक सहायता और अन्य मदद उपलब्ध कराई थी। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।





