यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर से अज्ञात महिला का नग्न शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

0
1

यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर से एक अज्ञात महिला का नग्न शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह बुडिया पुल के पास ग्रामीणों ने नहर में एक महिला का शव बहता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

नहर जहां से बहाकर जा रही थी लाश

सूचना मिलते ही बुडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला। शुरुआती जांच में महिला की उम्र करीब 60 से 65 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। महिला का शव नग्न अवस्था में मिलने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस को महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।

गोताखोर अमर सिंह जानकारी देते हुए
बुढ़िया थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे

मामले की जांच कर रहे बुडिया थाना के जांच अधिकारी जगदीप मोर ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे एक ग्रामीण से सूचना मिली थी कि दादूपुर की तरफ से एक शव नहर में बहकर आ रहा है। सूचना के बाद गोताखोर अमर सिंह को मौके पर बुलाया गया और बुडिया पुल के पास शव को बाहर निकाला गया।

डायल 112 से पहुंचे अधिकारी


महिला की पहचान के लिए पुलिस उसके शरीर पर मौजूद निशानों और पहने गए आभूषणों के आधार पर जांच कर रही है। महिला की एक बाजू पर ‘ॐ’ का निशान बना हुआ है। इसके अलावा दोनों हाथों में कड़े और उंगलियों में अंगूठियां भी मिली हैं।

फॉरेंसिक टीम छानबीन करती हुई

फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए रखा जाएगा। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।