यमुनानगर में 30 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, यूपी से लाकर करता था सप्लाई

0
3

यमुनानगर। जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये कीमत की 271 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने रिमांड पर लिया है।

पुलिस हिरासत में बैठा पकड़ा गया आरोपी

एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक युवक भारी मात्रा में हेरोइन लेकर शादीपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक ओमप्रकाश, एएसआई कुलदीप, जसवीर सिंह, ललित, अमित और रवि की टीम गठित कर शादीपुर क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।

जांच के दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सौरभ की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 271 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव दरबूजी निवासी शाहरुख के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से नशा तस्करी के धंधे में सक्रिय था। वह उत्तर प्रदेश से हेरोइन लाकर यमुनानगर में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, शादीपुर में ससुराल होने के कारण वह इस रिश्ते का फायदा उठाकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी हेरोइन किससे खरीदता था, जिले में किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।