यमुनानगर: पूर्व कांग्रेस विधायक राजपाल भूखड़ी का हार्ट अटैक से निधन

0
1

यमुनानगर से इस वक्त की बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। साढौरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी का सोमवार सुबह अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे इलाके और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

साढ़ौरा विधानसभा से कांग्रेस पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह राजपाल भूखड़ी को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ी और हार्ट अटैक आने के कारण उनका निधन हो गया। वे 55 वर्ष के थे।

राजपाल भूखड़ी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा के करीबी नेताओं में गिने जाते थे

राजपाल भूखड़ी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा के करीबी नेताओं में गिने जाते थे और लंबे समय तक कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर साढौरा (आरक्षित) विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। विधायक रहते हुए उन्होंने किसानों, सिंचाई, सड़क, बिजली, शिक्षा और क्षेत्र के विकास से जुड़े कई मुद्दे विधानसभा में मजबूती से उठाए।
साढौरा क्षेत्र में विकास कार्यों और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने के कारण उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया, लेकिन इस बार उन्हें भाजपा उम्मीदवार बलवंत सिंह से हार का सामना करना पड़ा।
विधायक न रहने के बाद भी राजपाल भूखड़ी लगातार कांग्रेस की राजनीति और क्षेत्रीय जनसंपर्क में सक्रिय रहे। हाल ही में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायकों की क्रॉस वोटिंग को लेकर उन्होंने खुलकर नाराजगी जताई थी और इसे पार्टी के साथ विश्वासघात बताया था।

राजपाल भूखड़ी का जन्म 19 मई 1971 को तत्कालीन अंबाला जिले, वर्तमान यमुनानगर के गांव भूखड़ी में हुआ था। वे अपने परिवार के साथ यमुनानगर के सेक्टर-17 में निवास कर रहे थे।
राजपाल भूखड़ी के निधन से कांग्रेस पार्टी और साढौरा क्षेत्र ने एक अनुभवी और जनप्रिय नेता को खो दिया है। उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक साथियों में गहरा शोक है।