यमुनानगर। जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव नत्थनपुर में पत्नी से छेड़छाड़ के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दंपती और उनके दो साथियों ने युवक को पहले कमरे से बाहर निकालकर मारपीट की, फिर जबरन अपने कमरे में ले जाकर करीब दो घंटे तक बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में बाहर निकाले जाने के कुछ ही देर बाद युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय आकिल निवासी गांव पाजराना, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आकिल पिछले करीब डेढ़ महीने से नत्थनपुर स्थित केसीसी प्लांट में जेसीबी ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। वह शादीशुदा था और अपने पीछे पत्नी सहित तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानिए क्या था पूरा मामला…
मृतक के चचेरे भाई एवं पाजराना के पूर्व सरपंच मुशर्रफ के अनुसार, आकिल प्लांट के पास किराये के कमरे में रहता था। उसके कमरे से करीब 200 मीटर दूर आरोपी अनिल अपने परिवार के साथ रहता है।

बताया गया कि आरोपी की पत्नी अक्सर अपनी बकरियां प्लांट परिसर में चराने आती थी। आकिल कई बार उसे वहां बकरियां न चराने के लिए कहता था। इसी बात को लेकर आरोपी अनिल को शक हो गया कि आकिल उसकी पत्नी से छेड़छाड़ करता है।
आरोप है कि बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे अनिल अपनी पत्नी और दो अन्य लोगों के साथ आकिल के कमरे पर पहुंचा। पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे जबरन आरोपी के कमरे में ले जाकर करीब दो घंटे तक बेरहमी से पीटा गया।
परिजनों का आरोप है कि इस दौरान एक रसोइये ने आकिल को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
कुछ देर बाद प्लांट के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आकिल को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। बाहर लाकर जब उसे पानी पिलाया गया तो पानी पीते ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। छछरौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन सहारनपुर से यमुनानगर पहुंचे।

छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि आरोपी अनिल, पुजारी और अनिल के भाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।









