रादौर में पुलिस टीम पर हमले के मामले में 6 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 9 गिरफ्तार

0
2

यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना रादौर पुलिस ने इस मामले में 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक इस मामले में कुल 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस टीम पर हमले मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार


पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए थाना रादौर पुलिस ने गांव छोटा बांस डेहा बस्ती में पुलिस टीम पर हमले के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन, महिपाल, शीना, चांदनी, नीतू और रमजाना शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां दर्शन और महिपाल को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया, जबकि चार अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि 16 जून को करनाल CIA की टीम नशा तस्करी के एक आरोपी को पकड़ने के लिए डेहा बस्ती पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए। साथ ही पुलिस की हिरासत में मौजूद आरोपी राजेंद्र को भी छुड़ा लिया गया था।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही कई नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जानिए क्या था पूरा मामला…

यह मामला 16 जून 2026 का है, जब करनाल CIA की टीम एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित आरोपी राजेंद्र कुमार बंगाली को गिरफ्तार करने के लिए रादौर के गांव छोटा बांस की डेहा बस्ती पहुंची थी। आरोपी के खिलाफ 30 अप्रैल 2026 को करनाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

आरोपी को बचाने के लिए पुलिस पर पथराव करते ग्रामीण


मुखबिर की सूचना पर CIA टीम एक सरकारी और एक निजी वाहन में गांव पहुंची। जैसे ही पुलिस ने आरोपी राजेंद्र को हिरासत में लिया, वहां मौजूद ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

आरोपी को बचाने के लिए पुलिस के हाथ पर काटा महिलाओं ने


हमले में पुलिस की दोनों गाड़ियों के शीशे टूट गए और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसी दौरान ग्रामीणों ने आरोपी राजेंद्र को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने पुलिस टीम का काफी दूर तक पीछा किया। कुछ महिलाओं द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और काटने की भी जानकारी सामने आई थी। हालात बिगड़ते देख CIA टीम को गांव से निकलकर अपनी जान बचानी पड़ी।

जान बचाकर गाड़िया लेकर भागी पुलिस


घटना की सूचना मिलते ही थाना रादौर पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक कई आरोपी अपने घरों पर ताले लगाकर फरार हो चुके थे। घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज कराया गया और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
इस पूरे मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।