यमुनानगर में किसानों का हल्ला बोल, भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड डील के खिलाफ निकाली रैली

0
1

यमुनानगर, 15 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन (देश बचाओ मोर्चा) के आह्वान पर बुधवार को यमुनानगर में किसानों ने केंद्र सरकार की प्रस्तावित भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड डील के विरोध में मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर रैली निकाली। बड़ी संख्या में किसान शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्त प्रीति के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

ट्रैक्टर ओर मोटरसाइकिल पर निकली रैली


रैली के दौरान शहर के कई स्थानों पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह सतर्क रही और यातायात व्यवस्था संभालती रही।
लघु सचिवालय पहुंचने पर ट्रैक्टर और मोटरसाइकिलों के प्रवेश को लेकर किसानों और पुलिस के बीच कुछ देर बहस हुई। डीएसपी राजीव मिगलानी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वाहनों को अंदर जाने से रोका।

भारी संख्य में रैली में किसान शामिल

किसानों ने सवाल उठाया कि जब इसी मार्ग से रोजाना वीआईपी वाहनों का प्रवेश होता है तो किसानों को क्यों रोका जा रहा है। कुछ देर बाद पुलिस ने ट्रैक्टरों को परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान संजू ने बताया कि किसान सुबह करीब 11 बजे कैल कचरा प्लांट के पास एकत्रित हुए थे, जहां से सैकड़ों मोटरसाइकिलों और ट्रैक्टरों के साथ रैली शुरू की गई। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाना है।

नारेबाजी करते हुए पहुंचे डीसी ऑफिस


संजू ने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील देश के किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों के हितों के खिलाफ है। उनका कहना था कि यह समझौता भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।

जानकारी देते हुए BKU जिला प्रधान संजू


किसानों ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील को तत्काल रद्द करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो देश बचाओ मोर्चा पूरे देश में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।