यमुनानगर में 55 वर्षीय इरफान की मौत का मामला, परिजनों ने सिविल अस्पताल में किया प्रदर्शन; जल्द कार्रवाई की मांग

0
1

यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के जठेड़ गांव में खेतों से 55 वर्षीय इरफान का शव मिलने के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है।

हॉस्पिटल में इकट्ठा हुए मृतक के परिजन


जानकारी के मुताबिक इरफान के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले थे और चेहरा खून से लथपथ था। पुलिस को घटनास्थल के पास से करीब 50 हजार रुपये नकद भी मिले। वहीं इरफान की जेब फटी हुई थी और पजामा खुला हुआ मिला। शव के आसपास वाहन के टायरों के निशान भी मिलने की बात सामने आई है।

मामले की जानकारी देते हुए परिजन


परिजनों के मुताबिक इरफान अक्सर लोगों के साथ पैसों का लेनदेन करता था और कुछ लोगों से उसे पैसे वापस लेने थे। इसी दिशा में पुलिस अब उन लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है, जिनसे इरफान का हाल के दिनों में संपर्क हुआ था।
मृतक के बेटे गुलजार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनके पिता का एक व्यक्ति के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। गुलजार ने पुलिस से उस व्यक्ति से भी पूछताछ करने की मांग की है। हालांकि परिजनों की ओर से किसी व्यक्ति पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप नहीं लगाया गया है।

मृतक इरफान का फाइल फोटो


वहीं इरफान के दोस्त राकेश कुमार के अनुसार, इरफान ने मंगलवार को उसे बताया था कि उसे एक व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपये लेने थे। इरफान ने बताया था कि संबंधित व्यक्ति पैसे देने के लिए जठेड़ आने वाला था। इसके बाद इरफान वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद मिला।
मामले में आज मृतक इरफान के परिजन यमुनानगर सिविल अस्पताल में भी इकट्ठा हुए। परिजनों ने प्रशासन से मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने और घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की।
परिजनों की मांग पर प्रशासन की ओर से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।


वहीं पुलिस गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इरफान आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था और जठेड़ गांव तक कैसे पहुंचा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।