यमुनानगर: जिले में बुधवार शाम दो अलग-अलग वन्यजीव घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी। एक ओर कलेसर नेशनल पार्क से निकला जंगली हाथी जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे पर करीब 20 मिनट तक खड़ा रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं दूसरी ओर खदरी क्षेत्र के रामपुर खादर गांव में एक तेंदुआ शिकार करने के बाद ट्यूबवेल के कमरे की छत पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसका वीडियो भी बना लिया।


हाथी लालढांग की ढलान से आगे सुकरो नदी के पास हाईवे पर दिखाई दिया। वाहन चालकों ने दूर से इंतजार किया, जबकि कुछ लोगों ने हॉर्न बजाकर और हेडलाइट जलाकर उसे हटाने की कोशिश की। हालांकि हाथी बिना घबराए सड़क पर टहलता रहा और कुछ देर बाद वापस जंगल की ओर चला गया।

वन्य प्राणी विभाग के अनुसार कलेसर नेशनल पार्क में इन दिनों करीब छह जंगली हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। बारिश और उमस के कारण भोजन और पानी की तलाश में जंगली जानवर अक्सर जंगल से बाहर निकल आते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उन्हें उकसाने या पास जाकर वीडियो बनाने से बचें।

उधर रामपुर खादर और खदरी क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार रात तेंदुआ पहले एक खेत में दिखाई दिया, फिर ट्यूबवेल के कमरे की छत पर चढ़ गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की रोशनी में उसका वीडियो रिकॉर्ड किया।

बताया जा रहा है कि खदरी गांव में तेंदुए ने एक पशुपालक के बछड़े का शिकार भी किया। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के कई गांवों में लंबे समय से तेंदुए और उनके शावक देखे जा रहे हैं, जिससे खेतों में काम करना और रात के समय आना-जाना जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और तेंदुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। वन्य प्राणी विभाग का कहना है कि हाथियों और तेंदुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि जंगली जानवर दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।









