यमुनानगर, 24 जून। यमुनानगर पुलिस की स्पेशल सेल ने हाईवे पर साधु का भेष बनाकर राहगीरों और वाहन चालकों से स्नेचिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दढ़वा की डेहा बस्ती निवासी अमीर चंद पुत्र तालाब नाथ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्पेशल सेल की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

स्पेशल सेल इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक बैंक कॉलोनी मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सतीश कुमार, मक्खन, सुरेंद्र, गौरव और कुलदीप की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हाईवे पर साधु का भेष बनाकर स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी साधु बनकर हाईवे किनारे खड़ा रहता था और राहगीरों से पानी मांगने के बहाने वाहन रुकवाता था। इसके बाद बातचीत में उलझाकर मौका मिलते ही उनकी सोने की चेन और अन्य कीमती सामान छीनकर फरार हो जाता था।


पुलिस जांच में 14 जून को हुई एक वारदात का भी खुलासा हुआ। पंचकूला निवासी एक डॉक्टर देहरादून जा रहे थे। करेड़ा खुर्द हाईवे के पास साधु के वेश में खड़े आरोपी ने उनसे पानी मांगा और उनकी कार रुकवा ली। बातचीत के दौरान आरोपी ने डॉक्टर की सोने की चेन झपट ली और हाईवे के दूसरी ओर भाग गया। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने छीना-झपटी का मामला दर्ज किया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरीके से कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है।




