ऑपरेशन मैदान 2.0: यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र में 164 नशा तस्कर गिरफ्तार – IGP पंकज नैन ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

0
1

अम्बाला मंडल में नशे के खिलाफ चलाया गया एक माह का विशेष अभियान “ऑपरेशन मैदान 2.0” सफलतापूर्वक पूरा हो गया। इस अभियान के तहत यमुनानगर, अम्बाला और कुरुक्षेत्र जिलों में पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 164 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 7.52 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए।

IGP Pankaj Nain Press Conference

पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन ने बताया कि 28 मई से 30 जून 2026 तक चले इस अभियान के दौरान कुल 95 मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने हेरोइन, चूरा पोस्त, गांजा, अफीम, स्मैक, प्रतिबंधित कैप्सूल और अवैध शराब समेत बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए। साथ ही 11.54 लाख रुपये नकद, 1 ट्रक, 5 कारें और 14 मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली गईं।
अभियान के दौरान पुलिस ने पहले से जमानत पर बाहर आए 1204 आदतन अपराधियों की जांच की, जिनमें से 67 की हिस्ट्रीशीट खोली गई। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए 209 सीसीटीवी कैमरों को निगरानी नेटवर्क से जोड़ा गया और 1226 मेडिकल स्टोरों की जांच की गई ताकि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जा सके।


नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 17 अवैध निर्माणों और संपत्तियों को ध्वस्त किया। इसके अलावा नशे की लत से जूझ रहे 255 लोगों को उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया गया, जबकि 31 लोगों को पुनर्वास के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आईजी पंकज नैन ने कहा कि ऑपरेशन मैदान 2.0 केवल एक अभियान नहीं, बल्कि नशामुक्त समाज की दिशा में जनआंदोलन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष अभियान समाप्त होने के बाद भी यमुनानगर समेत पूरे अम्बाला मंडल में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की कि नशा तस्करी की किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।