यमुनानगर। थाना छछरौली पुलिस ने 9 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने पति और बेटे के साथ अपने मायके गई हुई थी। जब शाम को परिवार घर वापस लौटा तो उनकी 9 वर्षीय बेटी काफी डरी और सहमी हुई थी। मां द्वारा कारण पूछने पर बच्ची ने बताया कि उसके चचेरे भाई मोहित ने उसके साथ गलत काम किया तथा उसके शरीर को अनुचित तरीके से छुआ।

शिकायत मिलते ही थाना छछरौली पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी वेदपाल के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एएसआई मंजीत कौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









