यमुनानगर के कैत गांव के पास झाड़ियों में मिले कुरुक्षेत्र जिला कोर्ट के कर्मचारी गुरमेल सिंह की मौत के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक गुरमेल सिंह की मौत ब्रेन हेमरेज से हुई है। सबसे अहम बात यह है कि उनके सिर की किसी भी हड्डी में फ्रैक्चर नहीं मिला। हालांकि शरीर के कई हिस्सों पर चोट और पेट पर रगड़ के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है।

डॉक्टरों का मानना है कि यदि किसी भारी हथियार से हमला किया गया होता तो सिर में फ्रैक्चर के निशान मिलते। ऐसे में अब यह आशंका भी जताई जा रही है कि गुरमेल सिंह किसी वाहन की चपेट में आए हो सकते हैं। हालांकि यह हादसा था या जानबूझकर टक्कर मारी गई, इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।

उधर पुलिस घटनास्थल से मिले टायरों के निशान, खून के धब्बों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी दोबारा खंगाली जा रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस एक काले रंग की संदिग्ध कार तक पहुंची है और उससे जुड़े व्यक्ति से पूछताछ भी की गई है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि गुरमेल सिंह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और कुछ देर बाद उनका शव कैत गांव के पास झाड़ियों में मिला था। परिजनों ने बेटे की इंटरकास्ट लव मैरिज को लेकर रंजिश का आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ हत्या और साजिश का मामला दर्ज कराया था।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। जांच जारी है और अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।









