यमुनानगर का मुबिन समेत 1 अन्य साथी गिरफ्तार, 5 वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा,पानीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई 🚔

0
3

पानीपत: पानीपत सीआईए-3 पुलिस ने चार पहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यमुनानगर के लापरा खुर्द निवासी मुबिन और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के कुंडा निवासी तासिन के रूप में हुई है।

पुलिस की हिरासत में दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से इको, बोलेरो पिकअप और टाटा एस (छोटा हाथी) सहित 5 वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। इनके कब्जे से चोरी की एक इको गाड़ी और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है।

सीआईए-3 प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जीटी रोड स्थित मच्छरौली मोड़ पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान समालखा की ओर से आ रही एक इको गाड़ी को रोककर जांच की गई। दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर दोनों युवकों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने 18 जून को भापरा गांव से इको गाड़ी चोरी करना कबूल कर लिया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी मुबिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर पानीपत और कुरुक्षेत्र में चार अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। पहले रेकी करते और फिर रात के समय वाहन चोरी कर कुछ दिन इस्तेमाल करने के बाद उन्हें लावारिस छोड़ देते थे।

जांच में सामने आया कि आरोपी मुबिन के खिलाफ पहले से ही यमुनानगर में आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट के 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह नवंबर 2025 में यमुनानगर जेल से जमानत पर बाहर आया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई करते हुए फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है।