यमुनानगर में किसानों की महापंचायत से पहले पुलिस की दबिश, किसान नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप

0
1

यमुनानगर: कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में होने वाली किसानों की महापंचायत से पहले यमुनानगर में पुलिस कार्रवाई को लेकर किसान संगठनों और प्रशासन के बीच तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के नेताओं का आरोप है कि किसानों को महापंचायत में जाने से रोकने के लिए पुलिस सोमवार तड़के उनके घरों तक पहुंची।

किसानों को महापंचायत में जाने से रोकने के लिए पुलिस सोमवार तड़के उनके घरों तक पहुंची।

भाकियू के यमुनानगर डायरेक्टर मंदीप रोडछप्पर ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस उनके घर के बाहर पहुंची। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मी काफी देर तक गेट खटखटाते रहे और उन्हें आवाज लगाते रहे। मंदीप ने इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है।

मंदीप रोडछप्पर का कहना है कि किसान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक पंचायत में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों को शाहाबाद पहुंचने से रोकने का प्रयास कर रहा है।

जिलाध्यक्ष संजू ने भी लगाया पुलिस कार्रवाई का आरोप

भाकियू यमुनानगर जिलाध्यक्ष संजू ने भी वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि सोमवार सुबह उनके घर पर पुलिस पहुंची। उनके मुताबिक, सीआईए की दो गाड़ियां उनके घर पहुंचीं और आसपास की गलियों में भी किसानों की तलाश की गई।

संजू ने कहा कि सरकार किसानों को महापंचायत में पहुंचने से रोकने की कोशिश कर रही है, जबकि किसान अपनी धान की फसल की खरीद को लेकर परेशान हैं।

भाकियू यमुनानगर जिलाध्यक्ष संजू ने भी वीडियो किया जारी

शाहाबाद पहुंचने का किसानों से आह्वान

किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे शाहाबाद के शहीद ऊधम सिंह स्मारक पर किसानों से जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में शाहाबाद पहुंचें।

संजू ने बताया कि 23 सितंबर को हुई पंचायत में सरकार की ओर से 25 सितंबर से धान की खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई किसानों का पोर्टल वेरिफिकेशन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। उनका कहना है कि वेरिफिकेशन नहीं होने तक किसान अपनी फसल नहीं बेच पाएंगे।

किसान नेताओं ने कहा कि वे पुलिस की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और अपनी मांगों को लेकर शाहाबाद में होने वाली महापंचायत में शामिल होंगे। दूसरी ओर, किसानों के इस आह्वान के बाद प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।