यमुनानगर में 60 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, बस स्टैंड के पास डिलीवरी देने की फिराक में था आरोपी

0
3

यमुनानगर में नशे की एक बड़ी खेप के साथ युवक की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपये कीमत की 300 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पानीपत से बस के जरिए नशीला पदार्थ लेकर यमुनानगर पहुंचा था और बस स्टैंड के नजदीक किसी को इसकी डिलीवरी देने की फिराक में था।

पुलिस हिरासत में आरोपी

पुलिस को सूचना मिली थी कि यमुनानगर बस स्टैंड के पास ग्रीन पार्क क्षेत्र में एक युवक नशीले पदार्थ के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई जसवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

डीएसपी रजत गुलिया जानकारी देते हुए

सूचना के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। कार्रवाई के दौरान नियमानुसार मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट व्यासपुर के नायब तहसीलदार रविंदर को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 300 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत पुलिस ने करीब 60 लाख रुपये बताई है।

पूछताछ में आरोपी की पहचान पानीपत के जलालपुर निवासी दानिश पुत्र दिलशाद के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दानिश पानीपत से बस में स्मैक लेकर यमुनानगर आया था। बस स्टैंड पर उतरने के बाद वह ग्रीन पार्क के पास किसी व्यक्ति को नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने की फिराक में था। इससे पहले कि डिलीवरी हो पाती, पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर उसे पकड़ लिया।

पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक कहां से आई थी और यमुनानगर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। अब 300 ग्राम स्मैक की बरामदगी के बाद पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।