यमुनानगर में जिम के बाहर युवक की पिटाई, CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला गरमाया

0
1

यमुनानगर जिले के साढौरा थाना क्षेत्र में जिम के बाहर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक पीड़ित के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

सीसीटीवी कैमरे में क़ैद हुई पूरी वारदात

पीड़ित सन्नी शर्मा निवासी खारी खुर्द ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एंबुलेंस ड्राइवर है। सन्नी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे वह जिम के बाहर पहुंचा था। इसी दौरान तीन गाड़ियों में सवार होकर करीब पांच युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों और क्रिकेट बैट से उस पर हमला किया।

सन्नी का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक युवक ने देसी कट्टा निकालकर फायर करने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए वह जिम के अंदर चला गया। आरोप है कि हमलावरों ने जिम के अंदर घुसने का भी प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।

पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला

सन्नी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बच्चों के ग्राउंड में खेलने को लेकर हुई थी। उसका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मनजीत भाटिया के बच्चों को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने अपने बच्चों को वहां खेलने जाने से मना कर दिया था।

सन्नी का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसकी पत्नी बच्चों को स्कूल से लेकर लौट रही थी। रास्ते में उसकी मुलाकात मनजीत भाटिया की बहू से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई। सन्नी का दावा है कि इसी विवाद के बाद जिम के बाहर उसके साथ मारपीट की गई।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

पीड़ित सन्नी का आरोप है कि CCTV फुटेज सामने आने के बावजूद पुलिस ने अभी तक मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की है। उसका कहना है कि उसने मामले को लेकर अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की है।

युवक जानकारी देते हुए

सन्नी का आरोप है कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय दूसरे पक्ष की महिला की शिकायत पर उसके खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर दिया गया। अब पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।