बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया है। जानकारी के मुताबिक घटना सैफ के मुंबई के खार में बने अपार्टमेंट में बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे हुई। एक्टर को गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा। घटना के बाद सैफ को रात 3 बजे लीलावती हॉस्पिटल लाया गया।
लीलावती अस्पताल के COO डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया कि सैफ को 6 जगह चाकू लगा था। उनकी रीढ़ की हड्डी में चाकू का टुकड़ा फंसा था और फ्लूड भी लीक हो रहा था। सर्जरी करके चाकू निकाला गया है।
एक्टर केबाएं हाथ पर दो गहरे घाव थे और गर्दन भी गहरी चोट थी। इनकी प्लास्टिक सर्जरी की गई है। उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मुंबई पुलिस के DCP गेदाम दीक्षित ने बताया कि एक हमलावर की पहचान कर ली गई है। इसके अलावा सैफ के घर से तीन लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि हमले के बाद आरोपी सीढ़ियों से भागा था। शुरुआती जांच में पता चला कि घर के अंदर मौजूद किसी शख्स ने ही हमलावर को एंट्री दी। घर में कोई जबरदस्ती नहीं घुसा। CCTV में भी कोई घर में दाखिल होता नजर नहीं आया।
मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इन्वेस्टिगेशन के लिए 15 टीमें बनाईं
बांद्रा पुलिस स्टेशन ने हमलावरों की तलाश के लिए 7 टीमें बनाई हैं। वहीं क्राइम ब्रांच ने भी केस के इन्वेस्टिगेशन के लिए 8 टीमें गठित कर दी हैं। क्राइम ब्रांच जांच के लिए सैफ के घर भी पहुंच चुकी है। यानी मुंबई पुलिस की कुल 15 टीमें इस केस से जुड़ी छानबीन में लगी हैं। एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक भी जांच टीम का हिस्सा हैं।
हमले को लेकर 2 थ्योरी, वजह साफ नहीं
- हमलावर चोरी की नीयत से घुसा: सैफ की टीम के ऑफिशियल बयान में बताया गया कि सैफ अली खान के घर पर चोरी की कोशिश की गई। हमले में सैफ के घर की एक मेड (काम करने वाली) अरियामा फिलिप उर्फ लीमा भी जख्मी हुई है। हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वह ऐसी सिचुएशन में हमें सपोर्ट करें। यह पुलिस का मामला है। हम आपको अपडेट करते रहेंगे।
- घर में एक व्यक्ति घुसा, मेड से उसकी बहस हुई: डीसीपी गेदाम दीक्षित ने बताया कि सैफ अली खान खार के फॉर्च्यून हाईट्स में रहते हैं। कल देर रात एक व्यक्ति सैफ के घर में घुसा और मेड से बहस की। जब एक्टर ने उस व्यक्ति को शांत करने की कोशिश की तो उसने सैफ पर हमला किया और इस हमले में वे घायल हो गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना सैफ-करीना के बच्चों तैमूर-जहांगीर के कमरे की है। कमरे में उनकी हाउसकीपर अरियामा फिलिप उर्फ लीमा मौजूद थी, जिसे एक अज्ञात शख्स ने पकड़ लिया। उनकी चीखने की आवाज सुनकर सैफ बच्चों के कमरे में पहुंचे थे। सैफ को देखते ही अज्ञात शख्स ने उन पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान हाउसकीपर भी घायल हो गईं। उनका इलाज भी लीलावती अस्पताल में चल रहा है।
हमले की थ्योरीज से जुड़े 3 सवाल
- हाई सिक्योरिटी सोसाइटी में हमलावर कैसे घुसा? हमला करने के बाद शोर-शराबे के बीच वह भागने में कामयाब कैसे हुआ?
- मेड क्या रात में घर पर ही रुकती थी? हमलावर की उससे बहस क्यों हो रही थी?
- क्या हमलावर मेड का परिचित था? क्या उसी ने हमलावर को घर में एंट्री दी थी?
लीलावती अस्पताल पहुंचीं करीना
सारा अली और इब्राहिम भी पिता से मिलने पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही सारा अली खान अपने भाई इब्राहिम के साथ लीलावती अस्पताल पहुंची। दोनों अस्पताल में दाखिल होते नजर आए। डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद भी अस्पताल पहुंचे।
रात के वीडियो में घर के बाहर नजर आईं थीं करीना
अपार्टमेंट के बाहर से देर रात का करीना कपूर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो स्टाफ से बात करते हुए घबराई नजर आ रही हैं। उनके साथ 3 फीमेल और 1 मेल स्टाफ था। करीना के पास एक ऑटो भी खड़ा हुआ है।
हमले से पहले करिश्मा ने करीना और सोनम कपूर के साथ पार्टी की
हमले से पहले करिश्मा कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें उन्होंने बहन करीना, दोस्त रिया और सोनम कपूर के साथ पार्टी और डिनर की जानकारी दी थी। करीना ने बहन करिश्मा की इस पोस्ट को री-पोस्ट किया था।
जहां हमला हुआ, वह सैफ और करीना का नया घर
सैफ और करीना दोनों बेटों के साथ मुंबई के बांद्रा स्थित सतगुरु शरण अपार्टमेंट में रहते हैं। सैफ की दोस्त और फेमस इंटीरियर डिजाइनर दर्शिनी शाह ने इसे डिजाइन किया है। पुराने घर की तरह सैफ के नए घर में भी लाइब्रेरी, आर्ट वर्क, खूबसूरत छत और स्विमिंग पूल है। शाही लुक देने के लिए इस अपार्टमेंट को वाइट और ब्राउन कलर से सजाया गया है। बच्चों के लिए नर्सरी और एक थिएटर स्पेस भी है।
सैफ पर हमले से जुड़े इस पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दे सकते हैं…
हाल ही में नया साल मनाने स्विट्जरलैंड गए थे सैफ
सैफ की हालिया रिलीज फिल्म देवरा थी। इस फिल्म में उनके जूनियर एनटीआर और जाह्नवी कपूर भी नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखाया। सैफ अपनी फिल्मों के अलावा करीना और बच्चों के साथ अपने बॉन्ड को लेकर चर्चा में रहते हैं। कपल ने स्विट्जरलैंड में क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाया था।
सैफ के पास 1200 करोड़ की संपत्ति सैफ के पास कई आलीशान घर हैं। उनके पास गुरुग्राम में पटौदी पैलेस, बांद्रा में दो आलीशान घर हैं। हरियाणा के गुरुग्राम में बना उनका पैतृक पटौदी पैलेस सबसे खास है। पटौदी पैलेस की कीमत तकरीबन 800 करोड़ रुपए है।
सैफ, करीना से शादी करने के बाद बांद्रा के फॉर्च्यून हाइट्स में रह रहे थे। दोनों करीब 11 साल तक इस घर में रहे, लेकिन दूसरे बेटे जेह के जन्म से ठीक पहले नए अपार्टमेंट में शिफ्ट हो गए। करीब 1500 स्क्वायर फीट के पुराने अपार्टमेंट को उन्होंने रेंट पर दे दिया। जानकारी के मुताबिक इसे 15 लाख की सिक्योरिटी डिपॉजिट के साथ 3.5 लाख रुपए मंथली किराए पर दिया गया है। 2013 में इस घर की कीमत तकरीबन 50 करोड़ रुपए थी।
सैफ के पास स्विट्जरलैंड में भी एक घर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी कीमत 33 करोड़ रुपए है। सैफ को घड़ियों का भी काफी शौक है। वे हर प्रोजेक्ट से पहले ऐसी घड़ी खरीदते हैं, जो फिल्म और किरदार के हिसाब से हो।
2023 में शाहरुख के घर में घुसे थे दो अजनबी
2 मार्च 2023 को शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ में दो युवक दीवार फांदकर तीसरी मंजिल तक पहुंच गए थे। हालांकि, सिक्योरिटी गार्ड्स ने इन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। दोनों की उम्र 21 से 25 साल बताई थी। दोनों गुजरात के रहने वाले थे। पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे शाहरुख से मिलना चाहते थे। इस घटना के वक्त शाहरुख खान घर पर नहीं थे।