सेनेटरी इंस्पेक्टर के समर्थन में आए रेहड़ी वाले, पर्ची काटने वालों के खिलाफ सीएम विडो पर दी शिकायत

 

यमुनानगर: नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज के समर्थन में शुक्रवार को जगाधरी के रेहड़ी वाले उतर आए हैं। खुद को निगम कर्मी बताकर पर्ची काटने वाले दो लोगों के खिलाफ सीएम विडो पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। दो लोगों पर फूड लाइसेंस बनाने के नाम पर पर्ची काट प्रत्येक रेहड़ी वाले से 708 रुपये लेने का आरोप भी लगाया है। सेनेटरी इंस्पेक्टर ने टीम व होमगार्ड के जवानों के साथ इन लोगों को पकड़ा था। उनके साथ न तो अभद्र व्यवहार किया गया था और न ही उन्हें कोई जातिसूचक शब्द कहे।

सीएम विडो में दी शिकायत में रेहड़ी संचालक बिट्टू, अब्दुल खालिक व अन्य ने बताया कि वह जगाधरी जेल चौक के नजदीक रेहड़ियां लगाते हैं। 24 मार्च को उनके पास दो व्यक्ति आए। वह खुद को निगम कर्मचारी बता रहे थे। उन्होंने कहा था कि फल, जूस व अन्य ,खाद्य पदार्थ बेचने वालों को ट्रेनिग देकर लाइसेंस बनाए जाने हैं। इसके लिए 708 रुपये की पर्ची कटवाने के लिए कहा था। पर्ची न कटवाने पर 50 हजार से एक लाख रुपये तक का जुर्माना करने की धमकी दी। जिससे वह डर गए थे। इसके बाद इन व्यक्तियों ने उनसे 708 रुपये लेकर रसीद काटी। जब वह निगम कार्यालय गए तो उन्हें पता चला कि निगम की तरफ से ऐसी कोई रसीद नहीं काटी जा रही है। रसीद काटने के 20 दिन बाद भी रेहड़ी वालों को कोई ट्रेनिग नहीं दी गई और न ही सर्टीफिकेट दिया गया। रसीद पर दिए नंबर पर संपर्क किया तो नंबर नहीं मिला। सीएम विडो पर दी शिकायत में मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और रुपये वापस दिलाने की मांग की है । कांबोज बोले, फर्जी रसीदों को किया उजागर

सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज ने आरोपियों द्वारा काटी गई फर्जी रसीदों को उजागर किया। निगम के फर्जी कर्मचारी बनकर रेहड़ी वालों से ठगी करने की शिकायतें मिल रही थी। शिकायतों के मद्देनजर उन्होंने उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर निगम कर्मियों व होमगार्ड के जवानों के साथ दबिश देकर झंडा चौक के पास से दो लोगों को पकड़ा था। अभद्र व्यवहार नहीं किया गया था। सभी के समक्ष कुर्सी पर बिठाकर जांच की गई थी। पुलिस को शिकायत देकर सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज पर नीचे बिठाकर प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्द बोलने व मारपीट करने समेत कई आरोप लगाए थे। ये आरोप निराधार है। क्योंकि कार्रवाई के दौरान उनको उनकी जाति का नहीं पता था। ये था मामला

बता दें कि 25 मार्च को निगम अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग खुद को निगम कर्मचारी बताकर रेहड़ी संचालकों से लाइसेंस बनाने के नाम पर्ची काट रहे हैं। उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा के निर्देशों पर सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। टीम ने झंडा चौक के पास से एक महिला व पुरुष और दो लोगों को बुड़िया से रेहड़ी वालों व दुकानदारों की पर्ची काटते हुए पकड़ा था। तब वहां पर एक पुलिसकर्मी वर्दी में पहुंचा था। जांच में पता चला था कि वह खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं खाद्य सुरक्षा प्रमाणिकता अधिनियम अर्थात एफएसएसएआइ एक्ट के तहत रेहड़ी वालों को प्रशिक्षण दे रहे थे, लेकिन इसके लिए निगम की अनुमति नहीं ली थी। हिदायत दी गई कि प्रशिक्षण अनुमति के बिना नहीं दे सकते। इसके बाद पकड़े गए रवि कुमार ने सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी। जिस पर सेनेटरी इंस्पेक्टर पर जगाधरी थाने में केस दर्ज हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *