15 अप्रैल की रात को कर दी गई थी जानू की गोली मारकर हत्या
, यमुनानगर : वाल्मीकि समाज के नेता राजेंद्र वाल्मीकि के बेटे जानू वाल्मीकि के हत्यारोपित कुरुक्षेत्र के भदौंडा निवासी हरपाल व उमरी के नीतेश का रिमांड शुक्रवार को पूरा हो गया। दोनों आरोपितों से राड व डंडे बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं अभी तक मुख्य हत्यारोपित सचिन पंडित, सुमित राणा व मनोज उर्फ शंटी का कोई पता नहीं लग सका। जिसकी वजह से वाल्मीकि समाज में रोष बना हुआ है।
निर्माण में ताक पर नियम, बांध के पास से ही उठाई जा रही मिट्टी
शुक्रवार को एक बार फिर राजेंद्र वाल्मीकि के आवास पर समाज के लोग एकत्र हुए। यहां पर समाज के लोगों ने प्रेसवार्ता की और कहा कि 25 अप्रैल को जानू वाल्मीकि की रस्म क्रिया है। जिसमें आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा। उधर, नगर निगम सफाई मजदूर कर्मचारी यूनियन के सदस्यों ने भी मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला सचिवालय में प्रदर्शन किया।
सफाई मजदूर कर्मचारी यूनियन ने दिया ज्ञापन
शुक्रवार को नगर निगम सफाई मजदूर कर्मचारी यूनियन ने जिला सचिवालय में जानू की हत्या करने वाले मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। इस दौरान डीसी को भी ज्ञापन दिया गया। यूनियन के महासचिव विजय कुमार ने कहा कि 15 अप्रैल की रात को जानू की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की लापरवाही से उसकी हत्या हुई। अभी तक पुलिस सभी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिससे यूनियन में रोष बना हुआ है।
आरोपितों की तलाश में लगी है टीम
डीएसपी बिलासपुर आशीष चौधरी का कहना है कि दो आरोपित गिरफ्तार किए हैं। उनसे वारदात में प्रयोग राड व डंडे बरामद कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।