यमुनानगर की नहर में बहा पानीपत का शराब ठेकेदार:दोस्तों संग नया साल मनाने आया था

0
42

यमुनानगर जिले में नए साल का जश्न मनाने चार दोस्तों के साथ आया पानीपत के शराब ठेकेदार यमुना नहर में बह गया, हादसा गुरुवार को हुआ। सूचना मिलते ही बुड़िया थाने से पुलिस और गोताखोर राजीव मौके पर पहुंचे। नहर में लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा है।

मृतक दविंदर का फाइल फोटो

युवक की पहचान पानीपत के थाना इसराना क्षेत्र के गांव लाखु बुआना के 40 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है। देवेंद्र शराब ठेकेदार है और दो बच्चों का पिता। जानकारी अनुसार उसका बड़ा भाई हरियाणा पुलिस और छोटा हरियाणा रोडवेज में कर्मचारी है।

दोस्तों ने रोका, लेकिन नहीं माना

गोताखोर राजीव

जानकारी अनुसार देवेंद्र अपने साथी संदीप, सुरजीत व प्रवीण के साथ नए साल पर यमुनानगर आया था। दिनभर यमुनानगर घूमने के बाद वे देर शाम को बुड़िया थाना क्षेत्र में कश्मीरगढ़ गांव पहुंच, यहां वे अपने दोस्त के घर पर ठहरे। वे यहां से पश्चिमी यमुना नहर के पास पहुंचे। इसी दौरान सभी दोस्त नहाने के लिए पानी में उतरे।

नहाने के बाद सभी दोस्त बाहर आ गए, लेकिन देवेंद्र फिर से नहाने के लिए पानी में उतर गया। इस दौरान वह पानी में डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन असमर्थ रहे। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगा और फिर आंखों से गायब हो गया

नहर का पानी कम कराया, फिर भी नहीं लगा सुराग

देवेंद्र को डूबता देख साथियों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। घटना की सूचना मिलते ही गोताखोर राजीव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब 1 घंटा नहर में देवेंद्र की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

गोताखोर ने बताया कि पानी का बहाव तेज और अंधेरा होने के कारण देवेंद्र को तलाशना काफी चैलेंजिंग है। आज शुक्रवार को भी उसकी तलाश में सुबह सात बजे से शाम 4 बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला है। परिजन रातभर से नहर पर पहरा दे रहे हैं। नहर का पानी भी कम करा दिया गया है।