दुर्गा गार्डन में एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई, पांच नशा तस्कर गिरफ्तार

0
1

जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने दुर्गा गार्डन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एंटी नारकोटिक सेल की टीम की ग्रिफ में पांचों तस्कर।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशों पर की गई। सभी आरोपी दुर्गा गार्डन कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं और इन पर पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि विभाग को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि दुर्गा गार्डन इलाके में कुछ लोग युवाओं को नशीले पदार्थ बेच रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई जसवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई। टीम ने देर रात छापेमारी कर पांच आरोपियों को काबू कर लिया।

जांच अधिकारी सतीश कुमार जानकारी देते हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित उर्फ लुम्बा, प्रिंस उर्फ बोनी, आशिफ, दीपक उर्फ बिंडा और गौरव उर्फ हन्नी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि इससे पहले 14 फरवरी को एंटी नारकोटिक सेल ने दुर्गा गार्डन निवासी अंकुश उर्फ कुश को 70 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान अंकुश ने खुलासा किया था कि वह हेरोइन मोहित उर्फ लुम्बा से लेकर आया था।

इसके बाद पुलिस ने मोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि वह उत्तर प्रदेश से हेरोइन लाकर स्थानीय स्तर पर अन्य आरोपियों को सप्लाई करता था। ये आरोपी आगे युवाओं को नशीले पदार्थ बेचते थे, जिससे क्षेत्र में नशे का जाल फैल रहा था।


पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि जिले में नशा तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।