यमुनानगर के जगाधरी स्थित अशोक विहार इलाके में देर रात एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घर के बाहर बैठकर बीड़ी पी रहे युवक को तीन हमलावर जबरन पकड़कर अपने साथ ले गए और रास्ते भर डंडों व लोहे की रॉड से पीटते रहे। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पीड़ित राजकुमार ने थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे वह खाना खाने के बाद मंदिर के बाहर कुर्सी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान तीन युवक हाथों में डंडे और लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंचे और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
राजकुमार के मुताबिक जब उसने विरोध किया और घर की ओर जाने लगा तो आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद तीनों युवक उसे जबरन पकड़कर बस स्टैंड की तरफ खींचकर ले गए। रास्ते में आरोपियों ने उसके साथ लगातार मारपीट की और डंडों व रॉड से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन भी कहीं गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जबकि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण 8 टांके लगाए गए हैं। टांग में भी गहरी चोट आई है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक राजकुमार को पकड़कर घसीट रहे हैं, जबकि तीसरा युवक पीछे से लगातार लातें मार रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी सुमित कंबोज ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




