यमुनानगर CIA के डर से भाग रहे आरोपी ने फरीदाबाद में युवक को स्कॉर्पियो से कुचला | VIDEO

0
1

हरियाणा के फरीदाबाद में सीआईए से बचकर भाग रहे स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने एक युवक को जान से मारने की नीयत से करीब 200 मीटर तक पीछा किया और तेज रफ्तार गाड़ी से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरा, जबकि स्कॉर्पियो पास के एक मकान की दीवार तोड़ते हुए जा रुकी। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूरे हादसे का वीडियो


घटना का 17 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक खेतों से भाग रहे हैं और उनके पीछे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दौड़ रही है। सड़क पर पहुंचते ही स्कॉर्पियो ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर दूर जा गिरा।

आरोपी ने कई लोगों को काली स्कॉर्पियो से कुचला


प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को शक था कि पीड़ित ने यमुनानगर सीआईए को उसके ठिकाने की सूचना दी थी। इसी रंजिश में आरोपी अपने साथी के साथ स्कॉर्पियो लेकर सिरोही गांव पहुंचा और विवाद के बाद युवक को कुचलने की कोशिश की।


जानकारी के अनुसार, यमुनानगर सीआईए की टीम चोरी के एक मामले में आरोपी परवेज को पकड़ने फरीदाबाद पहुंची थी। भनक लगते ही आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद उसने अपने विरोधियों से विवाद किया और गुस्से में स्कॉर्पियो से हमला कर दिया।

आरोपी मौके से हुआ फरार


घटना में पीड़ित के अलावा 3-4 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में फरीदाबाद पुलिस और यमुनानगर सीआईए की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।