हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में यमुनानगर जिले का प्रदर्शन इस बार प्रदेश के औसत से बेहतर रहा। जिले ने पूरे हरियाणा में 13वां स्थान हासिल किया। यमुनानगर का कुल पास प्रतिशत 85.48 फीसदी दर्ज किया गया, जो प्रदेश के ओवरऑल रिजल्ट 84.67 फीसदी से अधिक है।

जिले से कुल 9,759 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 8,342 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि 1,138 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई और 279 विद्यार्थी असफल रहे। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार जिले के परिणाम में सुधार देखने को मिला। वर्ष 2025 में जिले का पास प्रतिशत 84.21 फीसदी था, जबकि 2024 में यह 85.12 फीसदी दर्ज किया गया था।
इस बार जिले में सबसे ज्यादा चर्चा न्यू हैप्पी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा कामाक्षी की रही, जिसने कॉमर्स स्ट्रीम में पूरे हरियाणा में दूसरा स्थान हासिल किया। कामाक्षी ने 500 में से 493 अंक प्राप्त कर जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन कर दिया।

कामाक्षी के पिता सुरेंद्र सिंह मजदूरी करते हैं, जबकि माता वीना देवी गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली कामाक्षी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया। छात्रा ने बताया कि उसके माता-पिता ने हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और कभी किसी चीज की कमी महसूस नहीं होने दी।

कामाक्षी ने कहा कि उसे अच्छे अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल करना उसके लिए सपने जैसा है। रिजल्ट देखने के बाद उसकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उसने बताया कि पढ़ाई के दौरान उसने टाइम मैनेजमेंट पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया और रोजाना 5 से 6 घंटे नियमित पढ़ाई की।

छात्रा ने यह भी बताया कि उसने सोशल मीडिया से पूरी दूरी नहीं बनाई, बल्कि उसका सही दिशा में उपयोग किया। वह एजुकेशनल कंटेंट और स्टडी मैटेरियल की मदद से अपनी तैयारी मजबूत करती थी। उसका मानना है कि मोबाइल और सोशल मीडिया को छोड़ने की बजाय सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है।
कामाक्षी का पसंदीदा विषय बिजनेस स्टडी रहा, जिसमें उसने पूरे 100 अंक हासिल किए। उसने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षिका चक्षू चड्ढा की गाइडेंस और लगातार प्रैक्टिस को दिया।

अब कामाक्षी का लक्ष्य दिल्ली यूनिवर्सिटी में दाखिला लेकर कॉमर्स क्षेत्र में आगे की पढ़ाई करना है। भविष्य में वह इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर देश सेवा करना चाहती है। उसने अन्य विद्यार्थियों को भी नियमित पढ़ाई और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

वहीं ओपन स्कूल 12वीं फ्रेश परीक्षा में यमुनानगर जिले का प्रदर्शन कमजोर रहा। जिले का कुल पास प्रतिशत 35.96 फीसदी दर्ज किया गया। 712 विद्यार्थियों में से केवल 256 विद्यार्थी ही सफल हो सके। दूसरी ओर प्राइवेट कैटेगरी में जिले का परिणाम बेहतर रहा, जहां 99 विद्यार्थियों में से 56 विद्यार्थी पास हुए और पास प्रतिशत 56.57 फीसदी रहा।




