यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से 90.93 ग्राम हीरोइन (स्मैक) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने यह सफलता हासिल की।
एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक कार में सवार होकर प्रताप नगर अनाज मंडी के पास से नशे की खेप लेकर निकलेगा। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक आशीष कुमार, एएसआई राजिंदर कुमार, पंकज और गुरनाम की टीम ने मौके पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने कार सवार युवक को रोककर जांच की। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 40 ग्राम हीरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान खिल्लावाला निवासी हाशिम पुत्र बरकत के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की कार को भी कब्जे में ले लिया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने साढौरा क्षेत्र से एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया। उप निरीक्षक ओमप्रकाश, सतीश कुमार, मंजीत, एएसआई जसबीर और गुरविंदर की टीम ने आरोपी के कब्जे से 50.93 ग्राम हीरोइन बरामद की। आरोपी की पहचान सवानिया मोहल्ला, साढौरा निवासी मनीष उर्फ बबलू पुत्र बलराम बक्शी के रूप में हुई।




