पंचायती चुनावों के बाद गांवों को नए सरपंच मिल चुके है। ग्रामीणों को भी अब गांवों में होने वाले विकास कार्यों का इंतजार है। अभी निवनिर्वाचित सरपंचों ने शपथ ग्रहण तो नहीं की, लेकिन गांव में कुछ कर गुजरने की चाह को लेकर कुछ सरपंचों ने अपने स्तर पर गांवों में काम शुरू करा दिए हैं। गांव के विकास कार्यों व समस्याओं को लेकर ग्रामीण सरपंचों से मिल रहे हैं। नवनियुक्त सरपंचों द्वारा गांव की साफ सफाई, नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने व फोगिंग कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
गांव उन्हेड़ी की नवनिर्वाचित सरपंच पारूल राणा ने बुधवार की देर शाम गांव में फोगिंग कराई और सफाई कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, गांव घेसपुर में नवनिर्वाचित सरपंच व सेवानिवृत अध्यापिका कृष्णा देवी की ओर से गांव में साफ-सफाई के अलावा स्ट्रीट लाइटें लगवाने का कार्य करवाया जा रहा है। कृष्णा देवी ने बताया कि सरपंचों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद गांव में विकास कार्य भी थम चुके थे। सरपंच बनते ही उन्होंने अपने गांव में विकास कार्य शुरू करा दिए हैं।







