साढ़ौरा असग़रपुर के पास थार गाड़ी और स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर, एक की मौत अन्य घायल

0
11

यमुनानगर के सढौरा क्षेत्र में सड़क हादसे में अमेरिका से डिपोर्ट 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब चार युवक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर काला अंब की ओर जा रहे थे। असगरपुर गांव के पास सामने से आ रही एक थार और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी

हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो के सारे एयर बैग खुल गए और गाड़ी सड़क पर पलटियां खाती हुई बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं टक्कर लगने से थार के एक साइड के दो टायर फटने के साथ-साथ उनके रिम तक टूट गए।

दो माह पहले ही अमेरिका से डिपोर्ट होकर आया था

हादसे में सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रितिक निवासी गांव लाहडपुर के रूप में हुई है, जोकि पूर्व सरपंच राजेंद्र कुमार का इकलौता बेटा था।

रितिक करीब ढाई साल पहले डोंकी के रास्ते अमेरिका गया और वहां पर ट्रक चलाता था। करीब दो माह पहले ही वह डिपोर्ट होकर इंडिया आया था। फिलहाल पुलिस ने हादसे में घायलों के बयान पर अज्ञात थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थार के टूटे अलाय व्हील

पंचकूला से आए दोस्तों के साथ घूमने निकला था

ललित सैनी निवासी गांव लाहड़पुर ने बताया कि शनिवार की रात करीब 8:30 बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान उसके ताऊ के बेटे रितिक का फोन आया, जिसने बताया कि उसके दोस्त रजत और हर्ष, निवासी गांव प्यारेवाला (जिला पंचकूला), उनके पास आ रहे हैं और सभी को साथ कहीं जाना है।

स्कॉर्पियो गाड़ी के खुले एयरबैग

कुछ देर बाद रजत और हर्ष अपनी काले रंग की स्कार्पियो लेकर उनके घर पहुंचे। इसके बाद चारों स्कार्पियो में सवार होकर पहले रसूलपुर गए और फिर वहां से कालाआंब की तरफ रवाना हो गए। उस समय गाड़ी रितिक चला रहा था, जबकि वह उसके साथ अगली सीट पर बैठा था।

सामने से आई यूके नंबर काली थार ने मारी टक्कर

ललित के अनुसार रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच जब वे असगरपुर गांव से थोड़ा आगे पहुंचे तो सामने से कालाआंब की ओर से एक काले रंग की यूके नंबर थार तेज रफ्तार और लापरवाही से आती दिखाई दी। थार चालक ने सीधे उनकी स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी स्कार्पियो पलट गई, जबकि दूसरी गाड़ी भी सड़क किनारे उतर गई।

हादसे के बाद रितिक, रजत और हर्ष गंभीर चोटों के कारण बेहोश हो गए। राहगीरों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पहले सिविल अस्पताल सढौरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल जगाधरी रेफर कर दिया गया।

दो दोस्त फोर्टिस में एडमिट

ललित ने बताया कि उसकी और रितिक की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण परिजन उन्हें एमएम अस्पताल मुलाना ले गए, जबकि रजत और हर्ष को उनके परिवार वाले फोर्टिस अस्पताल मोहाली लेकर गए। एमएम अस्पताल मुलाना में इलाज के दौरान उसके ताऊ के बेटे रितिक की मौत हो गई, जबकि वह स्वयं अस्पताल में भर्ती होकर उपचाराधीन है।

सूचना मिलने पर सढौरा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल ललित का बयान दर्ज किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात थार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

घटनास्थल का वीडियो