यमुनानगर के विष्णु नगर में सरकारी दीवार तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसी ने 45 वर्षीय महिला राजविंद्र कौर के मुंह पर हथौड़ा मार दिया और बाद में सिर पर ईंट से वार किया।

हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे, जहां उसके सिर और मुंह पर गहरी चोटें बताई गई हैं।


घायल महिला के बेटे मोनू का आरोप है कि पड़ोसी ओमप्रकाश सरकारी दीवार तोड़ने के लिए हथौड़ा लेकर पहुंचा था। उसकी मां ने दीवार तोड़ने का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उस पर हमला कर दिया।

मोनू का यह भी आरोप है कि पहले भी परिवार के साथ विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। उसने पड़ोसी पर नशे से जुड़े आरोप भी लगाए हैं। फिलहाल राजविंद्र कौर का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मामले में पुलिस को शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस जांच के बाद ही हमले के आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।









