ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ नहीं रहीं। वे 96 साल की थीं। 70 साल के राज में उनकी छवि पर कोई दाग नहीं आया, लेकिन इस दौरान शाही परिवार में फूट और मनमुटाव चलता रहा। परिवार में भरोसा टूटता, सवाल उठते, तो एलिजाबेथ संभालने की कोशिश करने लगतीं। हर बार कामयाब भी हुईं।
इसके सबसे बड़े किरदार क्वीन के बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स रहे। 40 साल पहले कैमिला पार्कर के साथ उनके अफेयर से परिवार का ताना-बाना बिगड़ना शुरू हुआ। इसके बाद इसमें उनकी पत्नी प्रिंसेज डायना, बेटे हैरी, बहू केट और मैगन के नाम शामिल होते गए। एक नाम प्रिंस एंड्रयू का भी है, जो क्वीन के दूसरे बेटे थे।
1. प्रिंसेज डायना: शाही परिवार की सबसे कॉन्ट्रोवर्शियल और यादगार शख्सियत
प्रिंसेज डायना, रॉयल फैमिली की सबसे मशहूर और अब तक याद की जाने वाली राजकुमारी। 24 फरवरी 1981 को शाही परिवार ने 32 साल के प्रिंस चार्ल्स की सगाई का ऐलान किया। क्वीन के बड़े बेटे चार्ल्स की होने वाली पत्नी उनसे 13 साल छोटी थीं। नाम डायना स्पेंसर, उम्र 19 साल।

सगाई के 5 महीने बाद दोनों पति-पत्नी बन गए। डायना अब राजकुमारी थीं, लेकिन थीं तो बाहरी ही। उन्होंने शाही परिवार के तौर-तरीकों के साथ चलने का दबाव झेला। इससे उन्हें घुटन होने लगी।
इसमें भी सबसे खराब था प्रिंस चार्ल्स का अफेयर। डायना को शादी से पहले इस बारे में पता था। वे चार्ल्स से शादी नहीं करना चाहती थीं, लेकिन शादी पर दुनिया भर में इतनी बातें हो गई थीं कि डायना ऐसा नहीं कर पाई। 11 साल बाद दोनों अलग हो गए। दिसंबर 1992 में महारानी ने उन्हें इजाजत दे दी कि दोनों अलग-अलग रहें।

1992 में एक किताब आई- डायना: हर ट्रू स्टोरी। इसमें डायना की टूटी शादी, चार्ल्स और कैमिला के अफेयर और डायना के डिप्रेशन की सभी बातें थीं। अब परदे के पीछे की बातें किताब की शक्ल में लोगों के हाथों में थीं। इससे शाही परिवार को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। खुद क्वीन एलिजाबेथ ने 1992 को बहुत बुरा साल बताया था।
2. प्रिंस चार्ल्स: शादीशुदा महिला से डेट, डायना के निधन के बाद उसी से शादी
प्रिंस चार्ल्स ने कैमिला पार्कर को डेट करना शुरू किया, तब वे शादीशुदा थीं। दोनों के रिश्ते की वजह से शाही परिवार में तनाव था। कहा जाता है कि क्वीन एलिजाबेथ ने चार्ल्स को समझाया भी, लेकिन फायदा नहीं हुआ।
31 अगस्त, 1997 में पेरिस में एक रोड एक्सीडेंट में प्रिंसेस डायना की मौत हो गई। तब उनकी उम्र 36 साल थी। डायना उस वक्त अपने दोस्त डोडी अल फयद के साथ थीं। इसके बाद 1999 से चार्ल्स और कैमिला दोबारा साथ नजर आने लगे। लंबे वक्त तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने अप्रैल 2005 में शादी कर ली।
अपने शासन की 70वीं सालगिरह पर क्वीन एलिजाबेथ ने कहा था कि चार्ल्स के राजा बनने पर कैमिला ब्रिटेन की महारानी होंगी। एलिजाबेथ के इस ऐलान ने कैमिला को राजपरिवार के सदस्य के तौर पर अपनाने की मंजूरी दे दी।
3. डायना के छोटे बेटे हैरी: पत्नी के लिए शाही परिवार से अलग हुए

डायना के छोटे बेटे प्रिंस हैरी पत्नी मैगन के साथ 9 जनवरी 2020 को शाही परिवार से अलग हो गए। वे ब्रिटेन से अमेरिका चले गए। प्रिंस हैरी और मैगन ने एक इंटरव्यू में कहा कि रॉयल फैमिली से अलग होना बहुत मुश्किल अनुभव था। वैसा ही, जैसा कभी उनकी मां प्रिंसेज डायना के लिए रहा होगा।
हैरी ने कहा कि वह तो कल्पना भी नहीं कर सकते कि उनकी मां के हालात कितने बुरे रहे होंगे। हैरी की पत्नी मैगन फिल्म स्टार रह चुकी थीं और नॉन ब्रिटिश थीं। वे डायना की तरह ही रहीं। उनकी ही तरह बाहरी। अपनी लाइफस्टाइल की वजह से मैगन को शाही परिवार का गुस्सा झेलना पड़ा। इसी वजह से हैरी अपने परिवार से दूर हो गए।
4. प्रिंस विलियम की पत्नी केट: मैगजीन में छपी टॉपलेस तस्वीर
2012 में प्रिंस विलियम की पत्नी केट मिडिलटन की टॉपलेस तस्वीर एक फ्रेंच मैग्जीन में छपी थी। इससे शाही परिवार काफी खफा हुआ था। खुद प्रिंस विलियम में इसे दुखद बताया था। इस मामले में मैग्जीन से जुड़े 6 लोगों पर केस भी दर्ज हुआ था।
केट मिडलटन पर अपने देवर राजकुमार हैरी और उनकी पत्नी मैगन मार्केल से साथ विवाद का आरोप भी लगा। शाही परिवार ने इस पर चुप्पी साधे रखी। केट मिडलटन जब अपने पहले बच्चे को जन्म देने वाली थीं, तब उनकी देखरेख कर रही नर्स ने सुसाइड कर लिया था। इसको लेकर भी शाही परिवार पर सवाल उठे थे।
5. प्रिंस एंड्रयू: नाबालिग से सेक्शुअल हैरेसमेंट की वजह से टाइटल छोड़ना पड़ा

शाही परिवार के इतिहास में सबसे बड़ी शर्मिंदगी प्रिंस एंड्रयू की वजह से हुई। उन पर एक नाबालिग के सेक्शुअल हैरासमेंट का आरोप लगा। 2019 में सामने आए इस मामले को ‘एपस्टीन स्कैंडल’ कहा गया। इसके बाद प्रिंस एंड्रयू को मिला ड्यूक ऑफ यॉर्क का टाइटल वापस ले लिया गया। उनसे अपने नाम के साथ हिज रॉयल हाइनेस इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं रहा।
ब्रिटिश सिंहासन पर दावेदारी में प्रिंस एंड्रयू का नंबर नौंवा था। एंड्रयू ने आरोपों के बाद अपनी शाही जिम्मेदारियों को छोड़ दिया।
दिवंगत महारानी से जुड़ी ये चार खबरें भी जरूर पढ़ें…
एलिजाबेथ ने स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल में अंतिम सांस ली, चार्ल्स किंग बनाए गए
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ वक्त से बीमार थीं। 96 साल की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय फिलहाल स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल में थीं। यहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। वे सबसे लंबे समय तक (70 साल) ब्रिटेन की क्वीन रहीं।
15 देशों की सिंबॉलिक महारानी थीं एलिजाबेथ-II, रोज मिलता था सरकारी काम का ब्यौरा
एलिजाबेथ सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं, 14 अन्य आजाद देशों की भी महारानी थीं। ये सभी देश कभी न कभी ब्रिटिश हुकूमत के अधीन रहे थे। एलिजाबेथ द्वितीय संवैधानिक रानी होने के साथ यूनाइटेड किंगडम की हेड ऑफ स्टेट यानी राज्य प्रमुख भी थीं। इस नाते सरकार रोज उनके पास जरूरी दस्तावेज भेजती थी।
तीन बार भारत आईं एलिजाबेथ-II, रिपब्लिक डे पर शाही मेहमान बनीं
एलिजाबेथ-II तीन बार भारत आईं। 1961, 1983 और 1997 में वो भारत की शाही मेहमान बनी थीं। 1961 में भारत के गणतंत्र दिवस की परेड में भी शामिल हुई थीं। उनके साथ प्रिंस फिलिप भी थे।तब राष्ट्रपति रहे राजेंद्र प्रसाद और PM जवाहरलाल नेहरू पालम एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी करने पहुंचे थे।
2.23 किलो सोने का मुकुट, 70 साल बाद ब्रिटेन का राष्ट्रगान बदलेगा
एलिजाबेथ-II के निधन के बाद उनके बेटे प्रिंस चार्ल्स नए किंग बन गए हैं। अब उन्हें किंग चार्ल्स-III के नाम से जाना जाएगा। महारानी के निधन के 24 घंटों के भीतर लंदन स्थित सेंट जेम्स पैलेस में एक सेरेमोनियल बॉडी के बीच चार्ल्स को आधिकारिक तौर पर राजा घोषित किया जाएगा।