यमुनानगर :
नगर निगम की वेबसाइट बंद होने से मुश्किलें बढ़ गई है। न केवल प्रापर्टी से जुड़े कार्य हो पा रहे हैं, बल्कि प्रापर्टी टैक्स के बकायेदारों पर होने वाली कार्रवाई भी रुक गई है। क्योंकि निगम को टैक्स का अपडेट नहीं मिल पा रहा है। दूसरा, प्रापर्टी की एसेसमेंट, प्रापर्टी टैक्स संबंधी बिल सहित अन्य कार्यों के लिए शहरवासी निगम के चक्कर लगा रहे हैं। उधर, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि रिपेयर के चलते वेबसाइट बंद है। जल्दी ही चालू करवा दिया जाएगा। ये काम अटके :
नगर निगम वेबसाइट एमसी वाइएनआर डाट काम पर प्रापर्टी टैक्स से संबंधित सभी कार्य होते हैं। इसके माध्यम से प्रापर्टी टैक्स आनलाइन टैक्स जमा कराया जा सकता है। आनलाइन एसेसमेंट निकाली जा सकती है। लेकिन वेबसाइट बंद होने से न तो प्रापर्टी टैक्स के बिल निकल रहे हैं और न एसेसमेंट निकल पा रही है। एक अप्रैल से नया वित्त वर्ष शुरू हो जाता है। वर्ष 2022-23 का नया टैक्स शुरू हो जाता है। एक अप्रैल से 31 जुलाई तक करंट टैक्स 10 प्रतिशत की छूट होती है। इसलिए बकाया टैक्स भरने के लिए पहुंचते हैं। वेबसाइट बंद होने से ये काम अटके पड़े हैं। दूसरा, जब तक यह वेबसाइट नहीं चलती तब तक एनडीसी पोर्टल पर भी काम नहीं हो सकता। प्रापर्टी टैक्स की रिकवरी रुकी :
निगम में पहुंचे अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने प्लाट की रजिस्ट्री करवानी है। जिसके लिए एसेसमेंट की आवश्यकता पड़ी है। निगम कार्यालय में कई बार चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन वेबसाइट बंद होने का हवाला देकर टाल दिया जाता है। उनका कहना है कि भीषण गर्मी में एक बार आना मुश्किल होता है, लेकिन छोटे से कार्य के लिए बार-बार आना पड़ रहा है। केस नंबर दो :
शांति कालोनी निवास श्री निवास ने बताया कि उन्होंने प्रापर्टी पर बैंक से लोन लेना है। इसके लिए एसेसमेंट की कापी मांगी जा रही है। इसको लेने के लिए कई बार निगम के चक्कर काट चुके हैं। आनलाइन भी नहीं निकल पा रही है। इसके अलावा बिजली-पानी का कनेक्शन अप्लाई करने वालों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। जल्द हो जाएगी चालू :
मुख्यालय पर रिपेयर के चलते वेबसाइट बंद है। इस पर डाटा अपडेट किया जा रहा है। हालांकि अन्य कार्य हो रहे हैं, लेकिन प्रापर्टी टैक्स व एसेसमेंट संबंधी काम प्रभावित है। जल्दी ही वेबसाइट चालू हो जाएगी। शहरवासियों को दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।