ठगी की वारदात:विदेश की नागरिकता दिलाने के नाम पर दंपती ने 10 लाख ठगे, हरबंसपुरा निवासी सुशील कुमार व उसकी पत्नी किरण पर केस

दंपती पर विदेश में नागरिकता दिलाने का झांसा देकर 10 रुपए ठगने का आरोप लगा है। वीना नगर निवासी नीरज गुप्ता ने हरबंसपुरा निवासी सुशील कुमार व उसकी पत्नी किरण पर 10 लाख रुपए ठगने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत उसने एसपी काे दी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने दंपती पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वीना नगर कैंप निवासी नीरज गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आस्था इंजीनियरिंग वर्कर्स फैक्टरी में ठेकेदार है। हरबंसपुरा निवासी सुशील कुमार उर्फ राजू व उसकी पत्नी किरण सपरा उसके लंबे समय से जानकार हैं। लॉकडाउन के दौरान उसे काफी नुकसान हुआ था। तब आरोपी सुशील कुमार ने उसे कहा था कि उसकी विदेश में काफी जानकारी है। उनके रिश्तेदार वहां पर सेटल है।

उन्होंने कई लोगों को पहले भी विदेश में भेजकर वहां की स्थाई नागरिकता दिलवाई है। आरोपी ने उसे एक बार में केवल 20 लाख रुपए निवेश करके जर्मन व कनाडा की स्थाई नागरिकता दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने उसे कुछ दस्तावेज, मेल व पीडीएफ फाइल दिखाई जिसमें कनाडा व जर्मन की कुछ कंपनियों के साथ एग्रीमेंट थे। कई व्यक्तियों के पासपोर्ट भी दिखाए। एक दो अंग्रेजों के पासपोर्ट भी दिखाए। कहा कि यह व्यक्ति उसके लोगों को विदेश सेटल करते हैं। उससे 20 लाख रुपए खर्च आने की बात कही। 10 लाख पहले देने होंगे, जबकि दस लाख विदेश जाने के बाद। आरोपी की बातों में आकर उसने आरोपी को अपने दस्तावेज व दस लाख रुपए दे दिए। लेकिन आरोपियों ने उसे विदेश नहीं भेजा। जब उसने आरोपी से अपने रुपए मांगे तो आरोपी ने उसे दो चेक दिए, लेकिन वे बाउंस हो गए। जब उसने आरोपी से दोबारा रुपए मांगे तो आरोपी ने उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उसने एसपी को शिकायत दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *